सुल्तानपुर आदमपुर में स्वागत समारोह, लक्सर प्रेस वार्ता में

लक्सर। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष एवं विधायक प्रीतम सिंह ने लक्सर में संदीप चौधरी के कार्यालय पर प्रेस वार्ता की। इससे पूर्व नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर के चेयरमैन (पी.एन.) बाबू ताहिर हसन के कैंप कार्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ चाय पर चर्चा एवं स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।


इस दौरान प्रीतम सिंह ने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और आम जनता इससे बेहद परेशान है। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड का उल्लेख करते हुए कहा कि परिजनों, जनता और कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट अथवा हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग उठाई थी, लेकिन सरकार ने केवल औपचारिक रूप से सीबीआई जांच की संस्तुति कर अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास किया।


प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में सर्वधर्म समभाव की परंपरा रही है। हरिद्वार में सिडकुल की स्थापना से लेकर सड़कों के व्यापक नेटवर्क तक जितना भी विकास हुआ, वह कांग्रेस सरकार की देन है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सांप्रदायिकता को बढ़ावा देकर प्रदेश का माहौल खराब कर रही है।


मनरेगा योजना को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा। कहा कि कांग्रेस ने गरीबों को उनके घर के पास रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मनरेगा 100 दिन मजदूरी गारंटी योजना लागू की थी, जिसे मौजूदा सरकार कमजोर कर समाप्त करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और कांग्रेस प्रत्याशी को जीत दिलाने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व जिला अध्यक्ष संजय पालीवाल ने कहा कि भाजपा शासन में कोई भी वर्ग संतुष्ट नहीं है। आम जनता परेशान है और सत्ताधारी दल के नेता जनता का शोषण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता भाजपा से ऊब चुकी है और कांग्रेस ही सर्व समाज के हितों की रक्षा करने वाली पार्टी है।

https://devbhumiganga.com/wp-content/uploads/2026/01/1003073969.mp4


इस अवसर पर पूर्व विधायक हाजी तस्लीम, पूर्व जिला अध्यक्ष सतवीर चौधरी, उमादत शर्मा, पूर्व अध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य राव आफाक, सभासद सनव्वर राजा, शादाब अली, शमशाद सदर, तसकीर अली, साकिब अली, भूरा ठेकेदार, मोहन, पूर्व प्रधान कुन्हारी ताहिर हसन, घुंघरू पहलवान, इमरान सदर सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version