चेयरमैन संजीव कुमार उर्फ नीटू द्वारा आयोजित रोजगार मेले में

लक्सर। नगर पालिका परिषद लक्सर के अध्यक्ष संजीव कुमार उर्फ नीटू के नेतृत्व में स्वराज फाउंडेशन के सहयोग से केवी इंटर कॉलेज लक्सर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में क्षेत्र के सैकड़ों बेरोजगार युवाओं ने प्रतिभाग कर रोजगार से जुड़े विभिन्न अवसरों की जानकारी प्राप्त की।


मेले में कई निजी कंपनियों एवं संस्थानों ने सहभागिता की, जहां युवाओं की शैक्षिक योग्यता एवं कौशल के आधार पर उन्हें रोजगार संबंधी मार्गदर्शन दिया गया। इस दौरान अनेक युवाओं का प्राथमिक चयन भी किया गया। आयोजन स्थल पर युवाओं की भारी भीड़ देखी गई, जिससे क्षेत्र में रोजगार को लेकर खासा उत्साह नजर आया।


रोजगार मेले में पहुंचे युवाओं ने नगर पालिका अध्यक्ष संजीव कुमार उर्फ नीटू की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस तरह का आयोजन सराहनीय है। युवाओं का कहना था कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिलने से उन्हें बाहर भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी।


इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष संजीव कुमार उर्फ नीटू ने कहा कि उनके कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण होने जा रहा है और इस दौरान बड़ी संख्या में बेरोजगार युवाओं ने उनसे रोजगार की मांग की थी। उन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए इस रोजगार मेले का आयोजन कराया गया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और भविष्य में भी इस तरह के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

https://devbhumiganga.com/wp-content/uploads/2026/01/1003113230.mp4


कार्यक्रम में मौजूद लक्सर विधायक मोहम्मद शहजाद ने रोजगार मेले की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन स्थानीय युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
वहीं स्वराज फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है और इसी उद्देश्य के तहत लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। रोजगार मेले के सफल आयोजन में नगर पालिका परिषद लक्सर एवं स्वराज फाउंडेशन का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version