लक्सर विधायक मो.शहजाद ने भिककमपुर जीतपुर में 22 लाख की लागत

लक्सर। लक्सर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भिककमपुर जीतपुर में विधायक निधि वर्ष 2025–26 के अंतर्गत स्वीकृत कब्रिस्तान की चारदीवारी एवं इंटरलॉकिंग मार्ग निर्माण कार्य का शुभारंभ विधायक मोहम्मद शहजाद ने विधिवत रूप से किया। उद्घाटन अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मोहम्मद शहजाद ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण और सार्वजनिक स्थलों का संरक्षण उनकी प्राथमिकता में शामिल है। कब्रिस्तान की चारदीवारी बनने से भूमि सुरक्षित रहेगी और अतिक्रमण पर रोक लगेगी। वहीं इंटरलॉकिंग मार्ग निर्माण से स्थानीय लोगों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की व्यवस्था मजबूत होगी।


उन्होंने बताया कि उक्त दोनों विकास कार्यों पर करीब 22 लाख रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी, जो विधायक निधि से स्वीकृत है। संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया गया है कि निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को शीघ्र लाभ मिल सके।


विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में चरणबद्ध तरीके से सड़क, मार्ग, चारदीवारी, सामुदायिक भवन समेत अन्य जनउपयोगी कार्य कराए जा रहे हैं। सरकार की मंशा है कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।


इस दौरान ग्रामीणों ने विधायक मो. शहजाद का ढोल-नगाड़ों और फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया। ग्रामीणों ने विकास कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता जताते हुए विधायक का आभार व्यक्त किया। साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने की अपेक्षा भी जताई।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version