लक्सर।लक्सर बस अड्डे के समीप स्थापित महर्षि भगीरथ की प्रतिमा के पास बने सार्वजनिक शौचालय को हटाने की मांग को लेकर शुक्रवार को लक्सर विकास समिति और सैनी समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने तहसील पहुंचकर मुख्य कार्यकारी अधिकारी वीरेंद्र दास शर्मा को ज्ञापन सौंपा और शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि महर्षि भगीरथ भारतीय संस्कृति और सनातन आस्था के महान प्रतीक हैं। उनकी प्रतिमा के बिल्कुल पास सार्वजनिक शौचालय होने से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हो रही हैं और वहां अस्वच्छता का माहौल भी बन रहा है।
लक्सर विकास समिति के अध्यक्ष व उत्तराखंड सरकार के पूर्व राज्य मंत्री रविंद्र सिंह आनंद ने कहा कि प्रतिमा स्थल क्षेत्र की आस्था और गौरव का प्रतीक है। इसलिए शौचालय को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित कर प्रतिमा स्थल के आसपास स्वच्छता और सौंदर्यीकरण कराया जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से लक्सर बस अड्डे का नाम बदलकर “भागीरथ बस अड्डा लक्सर” रखने की मांग कर रही है, ताकि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को सम्मान मिल सके।
लक्सर विकास समिति ने प्रशासन को 30 दिन का समय देते हुए चेतावनी दी है कि यदि इस अवधि में कोई कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान चरण सिंह सैनी, अंकुर सैनी, अंकुश सैनी, सतपाल सैनी, अर्जुन सिंह, रोहित कुमार, मदनपाल सिंह सैनी, दीपक सैनी, कन्हैया सैनी, विक्रम सैनी सहित कई लोग मौजूद रहे।