लक्सर। स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए जा रहे एनीमिया मुक्त भारत और टीबी उन्मूलन अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लक्सर में श्री सीमेंट की सामाजिक इकाई श्री फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से एएनएम को 30 हीमोग्लोबिन जांच किट वितरित की गईं। किटों का वितरण श्री फाउंडेशन के प्रतिनिधि अश्वनी कुमार शर्मा ने किया। इस अवसर पर सीएचसी लक्सर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सैयद रफी अहमद, डॉ. नलिंद असवाल सहित स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।

अश्वनी कुमार शर्मा ने बताया कि सीएचसी लक्सर के चिकित्सा अधीक्षक की ओर से हीमोग्लोबिन जांच किट उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था, जिसके बाद श्री फाउंडेशन ट्रस्ट ने यह किटें उपलब्ध कराईं। उन्होंने बताया कि एनीमिया विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं और किशोरियों में खून की कमी से जुड़ी गंभीर समस्या है। इन किटों के माध्यम से एएनएम घर-घर जाकर महिलाओं, किशोरियों और जरूरतमंदों का हीमोग्लोबिन परीक्षण कर सकेंगी। जिनमें खून की कमी पाई जाएगी उन्हें पोषण संबंधी सलाह और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि श्री फाउंडेशन सामाजिक दायित्व के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के क्षेत्र में भी कार्य कर रहा है। इसके तहत विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर सहयोग के साथ-साथ बीपीएल परिवारों की बेटियों के विवाह में भी मदद की जाती है। अब तक करीब 120 परिवारों को विवाह के लिए बर्तन उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इसके अलावा सीएचसी लक्सर में टीबी मरीजों को समय-समय पर पोषण किट भी उपलब्ध कराई जाती हैं।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सैयद रफी अहमद ने श्री फाउंडेशन ट्रस्ट का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम के तहत हीमोग्लोबिनोमीटर की कमी महसूस की जा रही थी। कई स्थानों पर मशीनें खराब थीं और संसाधनों की भी कमी थी। ऐसे में श्री फाउंडेशन द्वारा किया गया त्वरित सहयोग सराहनीय है। उन्होंने बताया कि एनीमिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए पिछले 10–12 दिनों से क्षेत्र में अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत रैली और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि यह अभियान राष्ट्रीय स्तर पर मार्च से 7 अप्रैल तक चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत पांच वर्ष तक के बच्चों, किशोरियों और गर्भवती महिलाओं के खून की जांच कर एनीमिया की पहचान और उपचार सुनिश्चित किया जाएगा।