हरिद्वार में गोकशी पर सख्ती, 57 गैंग के 162 आरोपी चिन्हित;

हरिद्वार।मुख्यमंत्री के आदेश के बाद हरिद्वार पुलिस ने गोकशी और पशु क्रूरता के मामलों पर कड़ी कार्रवाई का अभियान तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में जिले में ऐसे अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए व्यापक स्तर पर रणनीति तैयार की गई है।
एसएसपी के आदेश पर गौर संरक्षण स्क्वायड ने जनपद में गोकशी, गोवंश तस्करी और पशु क्रूरता से जुड़े व्यक्तियों का विस्तृत डाटा संकलित किया। जांच में सामने आया कि जिले की 11 कोतवाली/थानों में सक्रिय 57 गैंगों के 162 आरोपी बार-बार इन अपराधों में संलिप्त पाए गए हैं। पुलिस इन सभी पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने की तैयारी में है।


इसी क्रम में 67 आरोपियों के विरुद्ध गुंडा एक्ट के तहत जिला बदर की कार्रवाई भी प्रस्तावित है। पुलिस का कहना है कि आदतन गोकशी या पशु क्रूरता करने वालों को भारी धनराशि से पाबंद किया जाएगा, जबकि मुचलका तोड़ने पर राशि जब्त कर ली जाएगी।
एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि गोवंश संरक्षण को लेकर पुलिस प्रतिबद्ध है और इस प्रकार के अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को राहत नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि यह अब तक की सबसे बड़ी और सख्त कार्रवाई होगी।
पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी क्षेत्र में अवैध पशु कटान या पशु क्रूरता की जानकारी मिले तो तत्काल नजदीकी थाने को सूचित करें। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version