लक्सर। लक्सर विकास समिति की ओर से शनिवार को एक भव्य महिला सम्मान समारोह का आयोजन उत्सव पैलेस, हरिद्वार रोड स्थित परिसर में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सहभागिता और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता को बढ़ावा देना रहा। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. सोनिया आनंद रावत ने शिरकत की, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व राज्य मंत्री रविंद्र सिंह आनंद ने की।

कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत कार्यालय उद्घाटन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके उपरांत समिति पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।
अपने संबोधन में डॉ. सोनिया आनंद रावत ने कहा कि महिला सशक्तिकरण आज समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि “महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। उनके विकास के लिए शिक्षा, आत्मनिर्भरता और समान अवसर अनिवार्य हैं।” उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को जागरूक करने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर बल दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों की विशेष सहभागिता कार्यक्रम का केंद्र बिंदु रही।
समिति अध्यक्ष रविंद्र सिंह आनंद ने कहा कि “महिलाएं समाज की रीढ़ हैं। उनका सम्मान ही एक सशक्त समाज की आधारशिला है।” उन्होंने बताया कि समिति विकास, शिक्षा, सामाजिक समरसता और महिला उत्थान को लेकर लगातार कार्य कर रही है।
सम्मानित महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कार्यक्रम के प्रति आभार जताया और कहा कि ऐसे आयोजन उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में डॉ. अनिल कुमार, अर्जुन सिंह, अरविंद गर्ग, विलियम्स, आस मोहम्मद, बासित, साहब राजा, धर्मराज चौहान, भीम सिंह सैनी सहित कोमल, प्रीति, शबनम, नीलम, आस्था, पायल, माही, प्रवेश, राजबाला, कामिनी रानी, सविता बबली, कविता, मीनाक्षी, राधिका, उमा भारती, राखी, रीता रानी आदि सैकड़ों महिलाएं एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।