लक्सर।पूर्व राज्य मंत्री रविंद्र सिंह आनंद ने मंगलवार को लक्सर फ्लाईओवर का निरीक्षण कर उसकी खस्ताहाल स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि फ्लाईओवर के बीचों-बीच कई स्थानों पर लोहे के सरिए बाहर निकल आए हैं, जो कभी भी बड़ी दुर्घटना को न्योता दे सकते हैं।

आनंद ने बताया कि रोजाना हजारों दोपहिया, चारपहिया वाहन और भारी वाहन इस फ्लाईओवर से गुजरते हैं, बावजूद इसके पिछले दो महीनों से इस समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। हैरानी की बात यह है कि फ्लाईओवर के ठीक नीचे PWD का कार्यालय होने के बावजूद अधिकारियों ने इस ओर अब तक नजर नहीं डाली।
स्थानीय लोगों ने पूर्व मंत्री को बताया कि कई बार शिकायतों के बाद भी विभागीय अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे। इस पर नाराजगी जताते हुए आनंद ने इसे विभाग की घोर लापरवाही बताया।
उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी और क्षेत्रीय विधायक प्रतिदिन इसी रास्ते से गुजरते हैं, फिर भी मरम्मत कार्य शुरू न होना जनता के साथ खिलवाड़ है। आनंद ने प्रशासन से तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने और समस्या के स्थायी समाधान की मांग की।
पूर्व मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।