दून में आतंकी साजिश नाकाम: पाक हैंडलर्स से जुड़े युवक को STF

संवेदनशील ठिकानों की रेकी कर पाकिस्तान भेज रहा था वीडियो, TTH के नाम पर दहशत फैलाने की योजना

देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत प्रेमनगर क्षेत्र से एक युवक को गिरफ्तार कर आतंकी साजिश का खुलासा किया है। झाझरा निवासी विक्रांत कश्यप (29) के पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क से जुड़े होने के प्रमाण मिले हैं। आरोपी अल बर्क ब्रिगेड से जुड़े शहजाद भट्टी और उसके साथी राणा के संपर्क में था और सोशल मीडिया के माध्यम से निर्देश ले रहा था।


सरकारी और सैन्य ठिकानों की कर रहा था रेकी
एसटीएफ ने बताया कि आरोपी दून के कई संवेदनशील ठिकानों—आईएसबीटी, पुलिस मुख्यालय और अन्य सरकारी-सैन्य संस्थानों—की वीडियो व लोकेशन पाकिस्तान भेज रहा था। आशंका है कि इन सूचनाओं का उपयोग आतंकी हमलों की तैयारी में किया जाना था।
TTH के नाम पर डर फैलाने का टास्क मिला था
आरोपी को शहर में तहरीक-ए-तालिबान-हिन्दुस्तान (TTH) का नाम उछालकर दहशत फैलाने का काम सौंपा गया था। उसने सेलाकुई, अडवाणी पुल और झाझरा इलाके में TTH लिखकर उसके वीडियो हैंडलर्स को भेजे थे।
दिल्ली में हमले की भी साजिश
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी को दिल्ली में एक संगठन के कार्यकर्ताओं और सुप्रीम कोर्ट के एक अधिवक्ता पर हैंड ग्रेनेड फेंकने का निर्देश दिया गया था। इसके बदले उसे नेपाल के रास्ते दुबई भेजने और बड़ी रकम देने का लालच दिया गया था।
सिद्धू मूसेवाला की हत्या से हुआ प्रभावित
विक्रांत ने बताया कि वह पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला का प्रशंसक था और उनकी हत्या के बाद वह सोशल मीडिया के जरिए पाक हैंडलर्स के संपर्क में आकर उनके प्रभाव में आ गया।
हथियार व डिजिटल सबूत बरामद
गिरफ्तारी के दौरान एसटीएफ ने आरोपी से .32 बोर की पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, स्प्रे पेंट कैन और मोबाइल फोन बरामद किया। मोबाइल से कई संवेदनशील चैट और लोकेशन मिले हैं, जिनकी जांच जारी है।
STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
एसटीएफ और देहरादून पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी सर्विलांस और खुफिया इनपुट के आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया। एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि राज्य में राष्ट्रविरोधी गतिविधियों पर लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version