लक्सर, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती को भव्य और सफल बनाने के उद्देश्य से लक्सर विधायक मो. शहजाद के कैंप कार्यालय पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही और आगामी कार्यक्रमों को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

बैठक में 14 अप्रैल को बसपा के प्रदेश कार्यालय, शिवालिक नगर हरिद्वार में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए रणनीति बनाई गई और क्षेत्रवार जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें और जयंती कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि डॉ. आंबेडकर का जीवन संघर्ष, शिक्षा के प्रति समर्पण और सामाजिक न्याय के लिए उनका योगदान आज भी समाज को दिशा देने वाला है।
बैठक में वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कहा कि बाबा साहेब ने वंचित वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए जो संघर्ष किया, वह सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। इसलिए उनकी जयंती को केवल औपचारिक आयोजन न मानकर उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर जयंती कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। साथ ही संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।