पूर्व चेयरमैन राजवीर सैनी की कांग्रेस में घर वापसी, विधायक

हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी को उस समय बड़ी मजबूती मिली जब क्षेत्र के वरिष्ठ नेता एवं गन्ना समिति लक्सर के पूर्व अध्यक्ष राजवीर सैनी ने एक बार फिर कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। विधायक अनुपमा रावत के नेतृत्व में राजवीर सैनी ने कांग्रेस में वापसी करते हुए पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा जताई।
कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद राजवीर सैनी ने कहा कि वह लंबे समय से कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े रहे हैं और पार्टी के लिए लगातार कार्य करते आए हैं। उन्होंने बताया कि कुछ समय पूर्व निजी कारणों से उन्होंने भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन की थी, लेकिन भाजपा की नीतियां और कार्यशैली जनहित के अनुरूप नहीं लगीं। इसी कारण उन्होंने पुनः कांग्रेस में लौटने का निर्णय लिया।


इस मौके पर विधायक अनुपमा रावत ने राजवीर सैनी का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी घर वापसी से कांग्रेस संगठन को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा कार्यकर्ताओं को सम्मान देने वाली पार्टी रही है और सभी साथियों को एकजुट होकर जनता की आवाज़ बुलंद करनी चाहिए।
राजवीर सैनी के आवास पर भी समर्थकों और क्षेत्र के सम्मानित लोगों ने एकजुटता का परिचय दिया तथा कांग्रेस के साथ मजबूती से खड़े रहने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने पार्टी को और मजबूत बनाने तथा आगामी चुनावों में कांग्रेस को सफलता दिलाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नकली राम सैनी, विनोद कुमार शाहपुर, हंसराज धीमान, बाबूराम सैनी सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने कहा कि राजवीर सैनी की कांग्रेस में वापसी से पार्टी को नया उत्साह मिलेगा और क्षेत्रीय राजनीति में कांग्रेस की स्थिति और मजबूत होगी। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी कर राजवीर सैनी का स्वागत किया।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version