हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के BHEL फाउंड्री गेट के पास हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना का हरिद्वार पुलिस ने महज आठ घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो नाबालिगों समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे और तीन चाकू बरामद किए हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया पर “BAAZ” नाम से गैंग चलाकर इलाके में वर्चस्व कायम करने के लिए लोगों को हथियारों के बल पर डराने-धमकाने का काम करते थे।

पुलिस के अनुसार 21 अप्रैल की रात BHEL फाउंड्री गेट के पास हन्नी निवासी आर्यनगर ज्वालापुर और उसके दोस्त वंशु निवासी पीठ बाजार ज्वालापुर पर 8 से 10 युवकों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने दोनों युवकों के साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से कई राउंड फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली वंशु के दाहिने हाथ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घायलों की ओर से रानीपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक रानीपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल के आसपास के इलाकों में दबिश दी और मात्र आठ घंटे के भीतर भागोवाली मैदान के पास से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में फरहान, अनमोल उर्फ धीरेन्द्र बक्शी, सागर उर्फ पहाड़ी और दो नाबालिग शामिल हैं। तलाशी के दौरान फरहान और अनमोल के कब्जे से एक-एक तमंचा तथा सागर और दोनों नाबालिगों से कुल तीन चाकू बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने इंस्टाग्राम पर “BAAZ” नाम से एक गैंग बनाया हुआ है। यह गैंग क्षेत्र में दबदबा बनाने के लिए अवैध हथियारों के साथ लोगों को डराता-धमकाता था। घायल युवक वंशु पहले भी इन युवकों के खिलाफ दर्ज झगड़े के मामलों में गवाह था, जिसके चलते आरोपी उससे रंजिश रखते थे। इसी दुश्मनी के चलते आरोपियों ने उसे रास्ते में रोककर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले गैंग पर बड़ी चोट मानी जा रही है। हरिद्वार पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।