लक्सर। कोतवाली लक्सर पुलिस ने कार सवार डॉक्टर और उसके साथियों पर फायरिंग के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए मुख्य साजिशकर्ता सत्संगी बाबा मंगत दास उर्फ सागर को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले उसके साथी शुभम सैनी को पुलिस पहले ही दबोच चुकी थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त .32 बोर पिस्तौल भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार 27 अप्रैल 2026 को दाबकी कलां निवासी डॉ. सुमित कुमार ने तहरीर देकर बताया था कि वह अपने साले और अन्य साथियों के साथ कार से लौट रहे थे, तभी बाडीटीप के पास बाइक सवार बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। इससे पहले 14 अप्रैल को भी उनकी गाड़ी पर फायरिंग की घटना सामने आई थी, जिसमें कार में गोली के निशान और टायर के अंदर से बुलेट मिलने की पुष्टि हुई थी। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। मंगलवार को सटीक मुखबिरी के आधार पर मुख्य आरोपी मंगत दास को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि डॉक्टर से उसकी कोई दुश्मनी नहीं थी, बल्कि डॉक्टर के साले से उसकी रंजिश थी। आरोपी ने बताया कि उसकी बहन का रिश्ता टूटने से वह आक्रोशित था और उसी के चलते उसने हत्या की योजना बनाई। उसने अपने साथी के साथ मिलकर 14 और 27 अप्रैल को फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उसे अदालत में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले अपराधियों पर सख्त संदेश गया