सुल्तानपुर आदमपुर की बेटी समर फातिमा ने बढ़ाया क्षेत्र का

लक्सर क्षेत्र के नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर निवासी एवं जल विद्युत निगम में अभिसाशी अभियंता के पद पर कार्यरत मोहम्मद अफज़ाल की पुत्री समर फातिमा ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर परिवार व क्षेत्र का नाम रोशन किया है। समर फातिमा की इस सफलता से नगर में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं।


समर फातिमा ने इस वर्ष अप्रैल माह में आयोजित सीबीएसई बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 92 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। उन्होंने यह परीक्षा डीपीएस जी (DPSG) से उत्तीर्ण की। हाईस्कूल में उत्कृष्ट अंक हासिल करने के बाद समर ने अपने भविष्य को बेहतर दिशा देने के उद्देश्य से देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में 11वीं कक्षा में प्रवेश के लिए आवेदन किया।
इसी क्रम में समर फातिमा ने एशियन स्कूल, देहरादून और देश की प्रतिष्ठित केंद्रीय यूनिवर्सिटी जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली में आयोजित प्रवेश परीक्षाओं में प्रतिभाग किया। अपनी लगन और कड़ी मेहनत के बल पर उन्होंने दोनों संस्थानों की प्रवेश परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर 11वीं कक्षा में प्रवेश पाने का गौरव हासिल किया।
विशेष बात यह रही कि जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में 11वीं कक्षा के लिए आयोजित गर्ल्स एंट्रेंस एग्जाम में देशभर से करीब डेढ़ लाख परीक्षार्थियों ने भाग लिया था। इतनी बड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच समर फातिमा ने जनरल कोटे में 26वां स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गर्व की बात माना जा रहा है।
समर फातिमा की इस सफलता से उनके माता-पिता, परिजन और नगर सुल्तानपुर आदमपुर के लोग बेहद उत्साहित हैं। नगरवासियों का कहना है कि समर की मेहनत अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा बनेगी। परिवार के लोगों ने बताया कि समर शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ती रही हैं।
भविष्य की योजनाओं को लेकर समर फातिमा ने बताया कि वह आगे चलकर सिविल सर्विस तथा एनडीए जैसी सेवाओं में जाकर देश की सेवा करना चाहती हैं। उनका कहना है कि मेहनत, आत्मविश्वास और परिवार के सहयोग से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
समर फातिमा की इस उल्लेखनीय सफलता पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों, शिक्षकों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version