हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा स्थित ग्राम पंचायत रसूलपुर मीठीबेरी में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर एवं रात्रि चौपाल कैंप में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर का शुभारंभ हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत ने किया। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया।

विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं, जिससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।
शिविर में राजस्व, समाज कल्याण, कृषि, स्वास्थ्य, पंचायतीराज, विद्युत, जल संस्थान, पशुपालन और शिक्षा विभाग सहित कई विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों के आवेदन भी प्राप्त किए।
रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली, जल निकासी और पेंशन संबंधी समस्याएं विधायक एवं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि अन्य समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
ग्रामीणों ने गांव में शिविर आयोजित किए जाने पर खुशी जताते हुए कहा कि इससे उनकी समस्याओं का समाधान घर के नजदीक ही हो रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। विधायक अनुपमा रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।