लक्सर। लक्सर कोतवाली क्षेत्र की रायसी पुलिस चौकी और कस्बा बाजार पुलिस चौकी का नया भवन सोमवार को विधिवत शुरू हो गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने एसपी ग्रामीण शेखर चंद सुयाल के साथ फीता काटकर भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान अधिकारियों का फूल-मालाओं और बुके देकर स्वागत किया गया।
रायसी और कस्बा बाजार चौकी के पुराने भवन लंबे समय से जर्जर हालत में थे। बरसात के दिनों में जल भराव व छत टपकने और भवन की खराब स्थिति के कारण पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। नए भवन बनने से अब पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा और आम लोगों को भी पुलिस सेवाएं अधिक व्यवस्थित तरीके से मिल सकेंगी।

बताया गया कि दोनों भवनों का निर्माण पेयजल विभाग के सहयोग से कराया गया है। उद्घाटन के मौके पर एसएसपी नवनीत सिंह ने भवन निर्माण में सहयोग देने वाले विभाग का आभार जताते हुए कहा कि बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलने से पुलिस की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी होगी। इससे पुलिसकर्मियों को सुविधाजनक वातावरण में काम करने का अवसर मिलेगा और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने में भी मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में समारोह में पुलिस अधीक्षक देहात शेखर चंद सुयाल पुलिस क्षेत्राधिकारी दिवेश उपाध्याय अभिनय चौधरी ओशिन जोशी सुमित पाण्डेय सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी प्रभारी निरीक्षक लक्सर प्रवीण सिंह कोश्यारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान उपनिरीक्षक चौकी प्रभारी यशवीर सिंह नेगी लक्सर चौकी प्रभारी विपिन कुमार राजीव उनियाल रंजीत नौटियाल सुरेश कुमार रोहित कुमार प्रदीप कुमार थाना प्रभारी पथरी रविंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नई चौकी शुरू होने के साथ ही मुख्य बाजार और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी क्षमता बढ़ेगी। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने इसे शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताते हुए हरिद्वार पुलिस की इस पहल का स्वागत किया। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि नए भवनों के संचालन से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायता मिलेगी।