सुल्तानपुर आदमपुर में 100 नशीले कैप्सूल के साथ युवक गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज -

लक्सर। हरिद्वार पुलिस के नशा विरोधी अभियान के तहत लक्सर कोतवाली पुलिस ने 100 नशीले कैप्सूल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवाओं को नशे की लत लगाकर अवैध मुनाफा कमाने के आरोप में पुलिस के हत्थे चढ़ा। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में जनपदभर में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 28 जुलाई को लक्सर कोतवाली पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान सुल्तानपुर क्षेत्र में एक युवक पुलिस को संदिग्ध दिखाई दिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से डाइसाइक्लोमाइन एचसीएल, ट्रामाडोल एचसीएल एवं एसिटामिनोफेन के कुल 100 नशीले कैप्सूल बरामद हुए।
पुलिस पूछताछ में आरोपी अपनी संतोषजनक सफाई नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी मुन्तियाज उर्फ छोटा (21 वर्ष), निवासी अंसारी कोठी के पास, सुल्तानपुर, कोतवाली लक्सर, जिला हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

https://devbhumiganga.com/wp-content/uploads/2026/07/1003780427.mp4


पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी नशीले कैप्सूल कहां से लाता था और किन लोगों तक उनकी सप्लाई करता था। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version