विधायक अनुपमा रावत के प्रयास लाए रंग, लालढांग और धनपुरा के सरकारी स्कूलों की बदलेगी तस्वीर -

हरिद्वार। हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों के लिए अच्छी खबर है। न्याय पंचायत लालढांग के सभी राजकीय विद्यालयों और धनपुरा के राजकीय विद्यालय के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार कार्य को शासन से मंजूरी मिल गई है। इससे क्षेत्र के स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।


बताया गया है कि इस कार्य के लिए हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत लगातार प्रयासरत थीं। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद संबंधित विभाग जल्द ही कार्ययोजना तैयार कर निर्माण और मरम्मत का कार्य शुरू करेगा।


योजना के तहत विद्यालय भवनों की मरम्मत, रंग-रोगन, परिसर का सौंदर्यीकरण, आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास तथा विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित और आधुनिक शिक्षण वातावरण तैयार किया जाएगा। इससे क्षेत्र के हजारों छात्र-छात्राओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि सरकारी विद्यालयों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उनका प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर संसाधन और अनुकूल माहौल मिल सके। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में विकास कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।


शासन की इस स्वीकृति का क्षेत्रवासियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने स्वागत किया है। उनका कहना है कि विद्यालयों के जीर्णोद्धार से न केवल स्कूलों की तस्वीर बदलेगी, बल्कि बच्चों की पढ़ाई के प्रति रुचि भी बढ़ेगी और शिक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version