लक्सर। विधानसभा क्षेत्र के सुल्तानपुर आदमपुर स्थित जनता इंटर कॉलेज में मंगलवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची से संबंधित नोटिसों की सुनवाई की गई। तहसीलदार की अध्यक्षता में आयोजित सुनवाई में बड़ी संख्या में मतदाता अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित केंद्र पर पहुंचे।
प्रशासन के अनुसार कुल 180 नोटिसों पर सुनवाई प्रस्तावित थी। इनमें से दोपहर तक 168 मामलों का निस्तारण कर लिया गया। सुनवाई के दौरान संबंधित मतदाताओं के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की गई।

तहसीलदार ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, उन्हें अपना पक्ष रखने और आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने का पूरा अवसर दिया जा रहा है, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम अनावश्यक रूप से प्रभावित न हो।
सुनवाई के दौरान निर्वाचन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे और प्रत्येक प्रकरण का क्रमवार निस्तारण किया गया। प्रशासन ने संबंधित मतदाताओं से अपील की है कि जिन्हें नोटिस प्राप्त हुआ है, वे निर्धारित तिथि पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर अपनी सुनवाई अवश्य कराएं, जिससे मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जा सके।