लक्सर। रक्तदान जैसे पवित्र कार्य की आड़ में कथित रूप से अवैध गतिविधियों को अंजाम देने के मामले में लक्सर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो वाहनों की तलाशी के दौरान 27 यूनिट रक्त, 27 खाली ब्लड बैग, चार डोनर चेयर, रक्त संग्रह के उपकरण और अन्य सामग्री बरामद की है। मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त 2026 को कोतवाली लक्सर पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग गांव-देहात में बिना आवश्यक अनुमति ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित कर लोगों से रक्त एकत्र कर रहे हैं। आरोप है कि एकत्रित रक्त को ब्लड बैंक में जमा कराने के बजाय अन्य राज्यों में ऊंचे दामों पर बेचने का प्रयास किया जा रहा था।
सूचना मिलने के बाद चौकी सुल्तानपुर प्रभारी उपनिरीक्षक बीरेन्द्र सिंह नेगी ने टीम के साथ तलाश शुरू की और चौकी भिक्कमपुर प्रभारी उपनिरीक्षक यशवीर सिंह नेगी को भी सूचना दी। पुलिस टीम ने अलावलपुर तिराहे पर चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध वाहनों को रोककर उनकी तलाशी ली।
आइस बॉक्स में मिलीं 27 यूनिट रक्त
पुलिस ने स्विफ्ट कार UK-08-BL-3257 की डिग्गी में रखे आइस बॉक्स की तलाशी ली तो उसमें 27 यूनिट रक्त और 27 खाली ब्लड बैग बरामद हुए। इसके अलावा ब्लड यूनिट की जांच और माप तथा रक्त संग्रह से जुड़े उपकरण भी मिले।
दूसरे वाहन स्कॉर्पियो एन UP-20-CD-8085 से चार डोनर चेयर, डोनर फॉर्म बुक, वेट मशीन, अमृत चैरिटेबल ब्लड सेंटर के 28 प्रमाणपत्र, स्लाइड का डिब्बा और हाथ बांधने वाली चार बेल्ट बरामद की गईं।
बिना अनुमति कैंप लगाने का आरोप
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी गांव-देहात में बिना आवश्यक अनुमति या लाइसेंस के ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित कर लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित कर रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि रक्त कहां एकत्र किया जा रहा था और उसकी आगे आपूर्ति किसे की जानी थी।
मामले में कोतवाली लक्सर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने धारा 18(सी), 27 ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट एवं 316(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
ये पांच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में अनित सैनी निवासी फतवा थाना लक्सर, शुभम कुमार निवासी माड़ा बेला थाना खानपुर, दुष्यन्त कुमार निवासी सुरेन्द्र नगर कॉलोनी बिजनौर, कावेन्द्र कुमार निवासी हरतला मुरादाबाद और दया सिंह निवासी ईसमपुर ढाणा जनपद सम्भल शामिल हैं।
यह सामान हुआ बरामद
पुलिस ने 27 यूनिट रक्त, 27 खाली ब्लड बैग, बीपी मशीन, एचबी मशीन, ब्लड ग्रुप जांच सामग्री, डोनर फॉर्म बुक, अमृत चैरिटेबल ब्लड सेंटर के 28 प्रमाणपत्र, स्लाइड का डिब्बा, चार हाथ बांधने वाली बेल्ट, वेट मशीन, चार डोनर चेयर, ब्लड यूनिट मापने वाली वेट मशीन और दो वाहन बरामद किए हैं।
एसएसपी हरिद्वार ने कहा कि रक्तदान जैसे पवित्र कार्य की आड़ में अवैध गतिविधियों को अंजाम देने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में प्रभावी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
