लक्सर में 25 अगस्त को लगेगा रोजगार मेला, 1200 से अधिक अवसर- रविंद्र सिंह आनंद -

लक्सर। बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए स्वराज फाउंडेशन और लक्सर विकास समिति की ओर से 25 अगस्त को विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेला रायसी स्थित जेएसएस नर्सिंग एवं पैरामेडिकल कॉलेज में लगेगा। आयोजकों ने मेले में 1200 से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का दावा किया है।
लक्सर विकास समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व राज्य मंत्री रविंद्र सिंह आनंद ने बताया कि मेले में 10वीं, 12वीं, स्नातक, डिप्लोमा और बीटेक सहित विभिन्न शैक्षणिक योग्यता रखने वाले युवा प्रतिभाग कर सकेंगे। स्थानीय और बाहरी कंपनियों तथा विभिन्न उद्योगों के प्रतिनिधि युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए मौजूद रहेंगे।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं में प्रतिभा और योग्यता की कमी नहीं है, लेकिन उन्हें रोजगार के लिए उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की जरूरत है। रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को कंपनियों से सीधे जुड़ने और अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार हासिल करने का अवसर मिलेगा।


रविंद्र सिंह आनंद ने कहा कि एक युवा को रोजगार मिलने से उसके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है। इससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी गति मिलती है। उन्होंने कहा कि लक्सर क्षेत्र के युवाओं को उनके घर के आसपास अथवा बेहतर संस्थानों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने क्षेत्र के युवाओं, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों से रोजगार मेले की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग्य और इच्छुक युवा 25 अगस्त को रायसी पहुंचकर रोजगार मेले का लाभ उठाएं। इस दौरान स्वराज फाउंडेशन के अनिल पाराशर भी मौजूद रहे।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version