सुल्तानपुर आदमपुर में ईद मिलादुन्नबी का भव्य जुलूस, नबी की शान में गूंजे नारे, उमड़ा अकीदतमंदों का हुजूम -

लक्सर। नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर में ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को अकीदत और उत्साह के साथ जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। मदरसे से सुबह करीब आठ बजे शुरू हुआ जुलूस नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान नबी की शान में नारे गूंजते रहे और लोगों ने जुलूस का जगह-जगह स्वागत किया।
जुलूस का आयोजन कारी परवेज के तत्वावधान में किया गया। जुलूस शुरू होने से पहले बड़ी संख्या में लोग मदरसे के पास एकत्र हुए। इसके बाद जुलूस निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ा। जुलूस में शामिल अकीदतमंदों ने पूरे उत्साह के साथ शिरकत की। रास्ते में लोगों ने जुलूस में शामिल लोगों के लिए पानी और फल की व्यवस्था की।
इस दौरान कारी फिरोज, कारी परवाज अली और हाफिज शहरान ने पैगंबर-ए-इस्लाम की सीरत, उनके जीवन और उनकी शिक्षाओं पर तकरीर की। उन्होंने लोगों से पैगंबर साहब की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने और आपसी भाईचारे व सौहार्द को मजबूत करने का आह्वान किया।
कब्रिस्तान चौक पर फल-पानी बांटा
जुलूस के कब्रिस्तान चौक पहुंचने पर एडवोकेट आजम भारती और राष्ट्रीय अध्यक्ष इकराम अली की ओर से जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत किया गया। इस दौरान लोगों को फल और पानी वितरित किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने व्यवस्था में सहयोग किया।
शाही जामा मस्जिद पर हुआ स्वागत
शाही जामा मस्जिद पहुंचने पर चेयरमैन पीएन ताहिर हसन और सभासदों ने जुलूस का स्वागत किया। उन्होंने अकीदतमंदों को फल और पानी वितरित किया। इस दौरान काफी संख्या में लोग मौजूद रहे और जुलूस के साथ आगे बढ़ते रहे।
अली चौक पर हलवा भी बांटा
जुलूस के माही अली चौक पहुंचने पर दिलशाद पंथी के ग्रुप की ओर से जुलूस का स्वागत किया गया। यहां अकीदतमंदों के लिए फल, पानी और हलवे की व्यवस्था की गई। जुलूस के दौरान जगह-जगह स्वागत और सेवा के लिए लोगों ने सहयोग किया।
ईद मिलादुन्नबी के जुलूस को लेकर क्षेत्र में पूरे दिन उत्साह का माहौल रहा। जुलूस में शामिल लोगों ने धार्मिक भावनाओं के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। आयोजकों ने जुलूस के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version