लक्सर। खानपुर विधानसभा क्षेत्र के राजपुर में निर्माणाधीन सिविल अस्पताल का रविवार शाम स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने निरीक्षण किया। इस दौरान खानपुर विधायक उमेश कुमार और स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। स्वास्थ्य मंत्री ने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों से परियोजना की जानकारी ली।
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राजपुर में बन रहा सिविल अस्पताल खानपुर और खादर क्षेत्र की जनता के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा साबित होगा। अस्पताल भवन का निर्माण करीब 39.40 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। निर्माण पूरा करने की निर्धारित समयसीमा वर्ष 2028 है, लेकिन कार्य की वर्तमान गति को देखते हुए अस्पताल के वर्ष 2027 में ही तैयार होने की उम्मीद है।

विधायक उमेश कुमार ने कहा कि खादर क्षेत्र के लोगों को गंभीर बीमारी की स्थिति में इलाज के लिए रुड़की, हरिद्वार और देहरादून जाना पड़ता है। अस्पताल शुरू होने के बाद क्षेत्रवासियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने बताया कि पूरी परियोजना की लागत करीब 100 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है।
विधायक के अनुसार अस्पताल में करीब 100 से 125 कर्मचारियों के स्टाफ की व्यवस्था होने की संभावना है। इसके साथ ही अस्पताल परिसर में रेजिडेंशियल परिसर का निर्माण भी किया जा रहा है। अस्पताल के शुरू होने से खानपुर और खादर क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर के शहरों पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है।