हरिद्वार में टली गैंगवार की बड़ी वारदात, दो पिस्टल और 10 कारतूस बरामद -

हरिद्वार। कोतवाली नगर पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान दुधियाबंद क्षेत्र से एक व्यक्ति को दो अवैध पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी अपने भाई की हत्या का बदला लेने की फिराक में था। समय रहते पुलिस की कार्रवाई से संभावित गैंगवार की बड़ी वारदात टल गई।
पुलिस के अनुसार, रविवार को पुलिस टीम चित्रकूट घाट के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर सकपका गया। शक होने पर पुलिस ने उसे पकड़कर उसके कंधे पर लटके बैग की तलाशी ली। बैग से 32 बोर की दो पिस्टल, दो मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए। हथियारों के संबंध में आरोपी कोई लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।


पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2010 में उसके भाई की हत्या कर दी गई थी। वह लंबे समय से भाई की हत्या का बदला लेने के लिए हत्यारों की तलाश में था। पुलिस के मुताबिक, उसे जानकारी मिली थी कि भाई की हत्या के आरोपी जेल से जमानत पर बाहर आकर हरिद्वार आने वाले हैं। इसी के चलते उसने हथियारों की व्यवस्था की थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी अप्रैल 2026 से हरिद्वार में एक आश्रम को लीज पर लेकर होटल के रूप में कारोबार कर रहा था। पुलिस ने आरोपी मनोज कुमार (45) पुत्र महावीर सिंह निवासी बुडीना कला, थाना तितावी, जिला मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ कोतवाली नगर में मुकदमा संख्या 445/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में केस दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version