लक्सर। नगर के वार्ड नंबर 10 में रविवार को सड़क किनारे नाले के पास एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अमित कुमार (28) पुत्र राजेश निवासी वार्ड नंबर 10 के रूप में हुई है। युवक के दोनों पैर टूटे होने की जानकारी सामने आने के बाद घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मोहल्ले के लोगों के अनुसार, शनिवार रात अमित का किसी युवक से विवाद हुआ था। हालांकि, विवाद और युवक की मौत के बीच कोई संबंध है या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी मौत की वजह
कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि सड़क किनारे नाले के पास युवक का शव मिला है। उसकी पहचान अमित कुमार पुत्र राजेश के रूप में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।