दुखद हादसा: नरोजपुर गाँव के तालाब में डूबा सात वर्षीय बालक,

लक्सर/हरिद्वार जिले में बाढ़ की त्रासदी ने एक और मासूम की जान ले ली। लक्सर तहसील क्षेत्र के नरोजपुर गांव में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जिसमें सात साल का मासूम बाढ़ के पानी में डूब गया। मृतक अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

गांव के लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, नरोजपुर निवासी इकराम का बेटा कामरान गुरुवार दोपहर गांव के पास जमा बारिश और बाढ़ के पानी में खेलने गया था। इस दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। पास में खेल रहे अन्य बच्चों को भी समझ नहीं आया कि कामरान कब और कैसे गायब हो गया।

जब कामरान काफी देर तक घर नहीं लौटा तो परिवार ने उसे ढूंढना शुरू किया। आसपास के खेतों और जलभराव वाले इलाकों में खोजबीन शुरू हुई। ग्रामीणों की मदद से कुछ देर बाद उसका शव उसी पानी में मिला। मासूम का शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां बेसुध हो गई, वहीं पिता गम से नि:शब्द नजर आए। गांव के लोग भी इस हृदयविदारक हादसे से स्तब्ध हैं।

घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी और क्षेत्रीय नेता प्रमोद खारी गांव पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मिलकर संवेदना प्रकट की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रशासन को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं रोकी जा सकें।

ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि गांव में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। उनका कहना है कि पिछले कई दिनों से बारिश के चलते पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। बच्चों के खेलने के लिए कोई सुरक्षित स्थान नहीं बचा, ऐसे में वे मजबूरन जलभराव वाले क्षेत्रों की ओर चले जाते हैं, जो जानलेवा साबित हो सकता है।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version