लक्सर। नेहन्दपुर सुठारी में सरकारी सड़क पर अवैध रूप से लगाए गए लोहे के फ्लैक्सी बोर्ड को लेकर गांव में तनाव की स्थिति बन गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी लक्सर को ज्ञापन सौंपकर उक्त बोर्ड को हटाए जाने की मांग की है।

ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि 24 जनवरी की रात लगभग एक बजे कुछ लोगों द्वारा बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के हुसैन चौक के पास, मुस्लिम समुदाय के निवासी आशिक, इरशाद और फेजान के घरों के समीप सरकारी रोड पर लोहे का फ्लैक्सी बोर्ड लगाया गया। आरोप है कि यह कार्य पूरी तरह अवैध है और इससे गांव में दो समुदायों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि उक्त फ्लैक्सी बोर्ड को लेकर किसी भी समय विवाद खड़ा हो सकता है, जिससे गांव की शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका है। उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में पहले ही पुलिस चौकी प्रभारी को सूचना दी जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया।
ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी से मांग की है कि शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए लोहे के फ्लैक्सी बोर्ड को मुस्लिम आबादी एवं घरों के पास से हटाकर एस.सी. कॉलोनी क्षेत्र में लगाया जाए। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि समय रहते कदम न उठाए गए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
उप जिलाधिकारी लक्सर ने ग्रामीणों को मामले में उचित जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए त्वरित हस्तक्षेप की अपील की है।