लक्सर।क्षेत्र के गन्ना किसानों के हितों को लेकर लक्सर विधायक मो. शहजाद एवं नगर पालिका अध्यक्ष संजीव कुमार उर्फ नीटू ने संयुक्त रूप से अहम पहल की। गन्ना किसानों को उनका गन्ना मूल्य एवं प्रोत्साहन राशि समय पर दिलाए जाने की मांग को लेकर शुगर मिल के प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा गया।

इस अवसर पर विधायक मो. शहजाद ने कहा कि गन्ना किसान पहले से ही बढ़ती लागत, खाद-बीज, डीजल, बिजली और मजदूरी के खर्च से जूझ रहे हैं। ऐसे में यदि गन्ना मूल्य और प्रोत्साहन राशि के भुगतान में देरी होती है तो किसानों की आर्थिक स्थिति और अधिक कमजोर हो जाती है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि गन्ना मूल्य के साथ प्रोत्साहन राशि का शीघ्र भुगतान किसानों का अधिकार है और इसमें किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
नगर पालिका अध्यक्ष संजीव कुमार उर्फ नीटू ने भी किसानों के पक्ष में मजबूती से बात रखते हुए कहा कि किसान हमारे क्षेत्र की रीढ़ हैं। उनका समय पर भुगतान होना बेहद जरूरी है, ताकि वे अगली फसल की तैयारी बिना किसी परेशानी के कर सकें। उन्होंने शुगर मिल प्रबंधन से किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
दोनों जनप्रतिनिधियों ने शुगर मिल प्रबंधन से अपेक्षा जताई कि किसानों की समस्याओं को समझते हुए जल्द ही सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी और बकाया भुगतान शीघ्र कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान हित सर्वोपरि है और किसानों के अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
इस दौरान किसान प्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिन्होंने भुगतान में हो रही देरी को लेकर अपनी बात रखी। ज्ञापन सौंपे जाने के बाद किसानों में जल्द भुगतान को लेकर उम्मीद जगी है।