लक्सर। नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर में स्वच्छता महा अभियान के तहत सभी वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सफाई कर्मियों ने सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों की व्यापक सफाई कर कूड़ा-कचरे का निस्तारण किया। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और नगर पंचायत कर्मचारियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

यह अभियान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘स्वच्छ हरिद्वार, सुंदर हरिद्वार’ संकल्प को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। मेगा स्वच्छता महाअभियान नवंबर माह से जारी निरंतर सफाई प्रक्रिया का हिस्सा है। “एक दिन–एक घंटा” के मंत्र के साथ नागरिक, जिला प्रशासन और समाजसेवी संस्थाएं शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ करने में सहयोग कर रही हैं।
अभियान के दौरान आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई और स्वच्छ व स्वस्थ नगर के निर्माण का संकल्प दोहराया गया। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता को जनभागीदारी से ही स्थायी रूप दिया जा सकता है।
अधिशासी अधिकारी प्रियंका ध्यानी ने नागरिकों से अपने घरों और आसपास सफाई बनाए रखने तथा कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की। अध्यक्ष प्रतिनिधि ताहिर हसन ने भी अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर सभासदगण व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।