महाशिवरात्रि पर विधायक अनुपमा रावत ने मंदिरों में किया

हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र की विधायक अनुपमा रावत ने महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में पहुंचकर विधि-विधान से जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्राचीन शिव मंदिर शिवगढ़ सहित टिक्कमपुर, धारीवाला, टिहरी विस्थापित और फेरुपुर समेत कई गांवों के मंदिरों में दर्शन कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया।


महाशिवरात्रि के अवसर पर सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। भक्ति और उत्साह के माहौल के बीच विधायक ने भी आम श्रद्धालुओं के साथ कतार में लगकर पूजा की। मंदिरों में दूध और गंगाजल अर्पित कर भगवान शिव का अभिषेक किया गया। इस दौरान मंदिर समितियों और स्थानीय ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया।


विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि महाशिवरात्रि केवल एक धार्मिक पर्व नहीं बल्कि आत्मचिंतन और साधना का भी अवसर है। भगवान शिव का व्यक्तित्व मानव जीवन को संतुलन, संयम, धैर्य और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि शिव के आदर्शों को अपनाकर व्यक्ति अपने जीवन की दिशा बदल सकता है।


उन्होंने प्रदेशवासियों के लिए सुख, शांति, समृद्धि और बेहतर स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा कि सच्ची श्रद्धा और विश्वास के साथ की गई शिव भक्ति से जीवन के बड़े से बड़े संकट भी टल सकते हैं। उन्होंने लोगों से सामाजिक सौहार्द और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील भी की।
पूरे क्षेत्र में महाशिवरात्रि को लेकर विशेष पूजन, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण के कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे वातावरण पूरी तरह शिवमय बना रहा।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version