हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र के लालढांग को उप तहसील घोषित किए जाने की अधिसूचना जारी हो गई है। इस निर्णय के बाद क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। हरिद्वार ग्रामीण की विधायक Anupama Rawat ने इसे क्षेत्र की जनता की बड़ी जीत बताते हुए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया है।

विधायक ने कहा कि लालढांग क्षेत्र को उप तहसील बनाने की मांग लंबे समय से उठ रही थी। क्षेत्रीय जनता को राजस्व और अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर-दराज के दफ्तरों में जाना पड़ता था, जिससे लोगों को काफी परेशानी होती थी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं को देखते हुए इस मांग को लगातार शासन-प्रशासन के समक्ष उठाया गया।
उन्होंने बताया कि लगातार किए गए प्रयासों और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए शासन की ओर से लालढांग को उप तहसील घोषित करने की अधिसूचना जारी कर दी गई है। इससे क्षेत्र के लोगों को राजस्व, प्रमाण पत्र, भूमि संबंधी कार्यों सहित कई प्रशासनिक सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी।
विधायक Anupama Rawat ने कहा कि यह उपलब्धि क्षेत्र की देवतुल्य जनता के सहयोग और आशीर्वाद से संभव हो पाई है। उन्होंने क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आगे भी क्षेत्र के विकास और जनता की सुविधाओं के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।