लक्सर:सुल्तानपुर आदमपुर में एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस हरिद्वार ग्रामीण जिलाध्यक्ष बालेश्वर के नेतृत्व में अली चौक पर कार्यकर्ताओं ने सिर पर खाली गैस सिलेंडर उठाकर विरोध जताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।

प्रदर्शन से पहले कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खाली गैस सिलेंडर सिर पर रखकर जुलूस निकाला और गैस संकट को लेकर सरकार के खिलाफ रोष प्रकट किया।
कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष बालेश्वर ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री बार-बार यह दावा करते हैं कि गैस की कोई कमी नहीं है, फिर भी कॉमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति बंद क्यों है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरिद्वार जिले में एलपीजी गैस की किल्लत से आम जनता का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
उन्होंने कहा कि देश में पहले से ही बेरोजगारी और महंगाई से लोग परेशान हैं, इसके बावजूद गैस सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी की जा रही है, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रमजान के महीने में विशेष समुदाय को जानबूझकर परेशान किया जा रहा है।
वहीं सतवीर चौधरी ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है और देश के कई हिस्सों में गैस संकट गहराता जा रहा है। गैस एजेंसियों के बाहर महिलाएं, बुजुर्ग और दिव्यांग घंटों लाइन में लगने के बावजूद खाली हाथ लौट रहे हैं।
इस दौरान जगदेव सिंह जग्गी, गुफरान अंसारी, सनव्वर राजा, जसविंदर एडवोकेट, फिरोज सिद्दीकी, शादाब अली, अशोक शर्मा, मनोज वर्मा, सतवीर चौधरी महदूद समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।