महर्षि कश्यप जयंती पर लक्सर में भव्य कार्यक्रम, शोभायात्रा

लक्सर में महर्षि कश्यप जयंती के पावन अवसर पर कश्यप एकता युवा मंच लक्सर द्वारा एक भव्य एवं गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें लक्सर विधायक शहजाद ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में पहुंचने पर मंच के पदाधिकारियों और क्षेत्रवासियों ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया।


विधायक शहजाद ने फीता काटकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। शोभायात्रा में भारी संख्या में युवा, महिलाएँ और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। ढोल-नगाड़ों और जयघोष के साथ निकाली गई यह शोभायात्रा क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बनी रही।
इस दौरान विधायक शहजाद ने महर्षि कश्यप जी के आदर्शों एवं उनके समाज सुधारक संदेशों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कश्यप समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है और समाज की एकता व जागरूकता से ही क्षेत्र का विकास संभव है। उन्होंने बताया कि युवा मंच द्वारा सामाजिक सौहार्द, शिक्षात्मक जागरूकता और प्रतिभा विकास के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।


युवा मंच की ओर से विधायक शहजाद को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया, जिसे उन्होंने सम्मान के साथ-साथ प्रेरणा का प्रतीक बताते हुए मंच का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों का स्नेह, विश्वास और सहयोग ही उनकी वास्तविक शक्ति है और वे जनहित के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते रहेंगे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि, वरिष्ठजन, महिलाएँ और युवा उपस्थित रहे। मंच के सदस्यों ने महर्षि कश्यप जयंती को सामाजिक एकता और जागरूकता का संदेश देने वाला बताया।
कार्यक्रम का संचालन युवा मंच के पदाधिकारियों ने किया तथा अंत में सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version