हरिद्वार ग्रामीण में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। गांव-गांव में श्रद्धा और उत्साह के साथ जयंती मनाई गई, वहीं कई स्थानों पर भव्य शोभायात्राएं निकाली गईं, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और विधायक अनुपमा रावत ने इक्कड़ कला, सराय, बादशाहपुर, धनपूरा, घिस्सूपूरा, जियापोता, पंजनहेड़ी, नसीरपुर कला, कटारपुर सहित दर्जनों गांवों का दौरा कर बाबा साहेब की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रमों के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ी, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। जगह-जगह दोनों नेताओं का फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया गया। कई स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, वहीं केक काटकर भी जयंती समारोह को खास बनाया गया।
अपने संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि बाबा साहेब ने भारत को विश्व का सबसे बड़ा और महान संविधान दिया, जो देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव है। उन्होंने लोगों से उनके आदर्शों पर चलकर समाज में समानता, न्याय और भाईचारे को सशक्त बनाने का आह्वान किया।
वहीं विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन संघर्ष, समर्पण और सामाजिक न्याय का प्रतीक है। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और नई पीढ़ी को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।
कार्यक्रमों में धर्मेंद्र चौहान, नाथी राम, लाखन चौहान, नाग सिंह कश्यप, मुशर्रफ अंसारी, नदीम अहमद, शकील प्रधान, विनोद कुमार, प्रदीप, आज़म अंसारी, मो. मुस्तफा, सलीम, अर्जुन सेठ सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।