भोगपुर मंदिर हत्याकांड का खुलासा, नशे में विवाद के बाद

पुलिस ने 48 घंटे में सुलझाया ब्लाइंड मर्डर, आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान भी बरामद

लक्सर। कोतवाली लक्सर क्षेत्र के भोगपुर गांव स्थित मंदिर में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हथौड़ी, पेचकस और मंदिर से चोरी किया गया इन्वर्टर व एम्पलीफायर भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, 12 अप्रैल को भोगपुर स्थित मंदिर में केयरटेकर राजवीर (निवासी गोधना, पुरकाजी, मुजफ्फरनगर) का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच तेज की गई।


जांच के दौरान पुलिस को पास के एक अन्य मंदिर में चोरी की घटना की भी जानकारी मिली, जिसके बाद दोनों घटनाओं को जोड़कर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विशाल चौधरी (25) मूल रूप से मेरठ का रहने वाला है और वर्तमान में मुजफ्फरनगर में किराये पर रहता है। वह पेशे से ड्राइवर है और नशे का आदी है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 11 अप्रैल की रात वह अपनी मौसी के घर भोगपुर आया था। पैसे की कमी के चलते उसने मंदिर में चोरी की योजना बनाई। देर रात जब वह मंदिर का ताला तोड़ रहा था, तभी वहां सो रहे बुजुर्ग ने उसे पकड़ लिया। इस पर आरोपी ने हथौड़ी से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी मंदिर से करीब 200 रुपये और इन्वर्टर चोरी कर ले गया। इसके बाद पास के दूसरे मंदिर से एम्पलीफायर भी चोरी किया। घटना के बाद वह सामान छुपाकर मुजफ्फरनगर भाग गया।
14 अप्रैल को आरोपी चोरी का सामान लेने वापस टांडा भागमल क्षेत्र आया, जहां पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या और चोरी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले का त्वरित खुलासा करने पर क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की है।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version