लक्सर। राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह के अंतर्गत श्री फाउंडेशन ट्रस्ट (इकाई श्री सीमेंट लिमिटेड) द्वारा फायर स्टेशन लक्सर के सहयोग से श्री सीमेंट परिसर में आग से बचाव और सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान कर्मचारियों और कामगारों को आपात स्थिति में सतर्क रहने और त्वरित कार्रवाई के गुर सिखाए गए।

फायर स्टेशन लक्सर से अग्निशमन अधिकारी कुंवर सिंह राणा के नेतृत्व में पहुंची टीम ने परिसर में फायर मॉक ड्रिल का आयोजन किया। डमी आग लगाकर उसे फायर एक्सटिंग्विशर और फायर हाइड्रेंट के माध्यम से बुझाने का लाइव प्रदर्शन किया गया, जिससे उपस्थित कर्मचारियों को वास्तविक परिस्थितियों से निपटने की जानकारी मिल सकी।
इसके अलावा टीम ने सभी स्टाफ मेंबर्स को फायर एक्सटिंग्विशर चलाने, फायर हाइड्रेंट संचालित करने और इमरजेंसी एग्जिट के सही उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण सत्र के बाद कामगारों और कर्मचारियों ने फायर टीम का तालियों के साथ आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कंपनी के एचआर हेड शिवराज ने कहा कि आगजनी से होने वाले जान-माल के नुकसान से बचाव के लिए इस तरह की फायर ड्रिल बेहद आवश्यक है। उन्होंने बताया कि फायर सेफ्टी वीक के दौरान श्री फाउंडेशन ट्रस्ट आसपास के स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों पर भी जागरूकता कार्यक्रम चला रहा है।
कार्यक्रम का संचालन समाज सेवा विभाग के अश्वनी शर्मा, श्री सीमेंट सुरक्षा विभाग के संजीव कुमार शर्मा और सेफ्टी विभाग के अमित मलिक ने संयुक्त रूप से किया। एचआर हेड शिवराज ने फायर स्टेशन लक्सर की टीम की सराहना करते हुए कहा कि टीम ने श्रमिकों, ट्रांसपोर्टरों और स्टाफ को महत्वपूर्ण प्रशिक्षण देकर जागरूक किया है।
फायर स्टेशन लक्सर की टीम ने कंपनी प्रबंधन के सहयोग की सराहना करते हुए आग लगने की स्थिति में तुरंत 101 या 112 पर सूचना देने की अपील की।