लक्सर।सीबीएसई बोर्ड कक्षा 10 की परीक्षा में 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर बहादुरपुर खादर गांव की छात्रा अक्सा अंसारी ने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अक्सा की इस उपलब्धि से परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे गांव में खुशी का माहौल है। उसकी सफलता पर क्षेत्र के लोगों ने प्रसन्नता जताते हुए उसे उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
बहादुरपुर खादर निवासी इसरार अंसारी की बेटी अक्सा अंसारी ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर यह शानदार सफलता हासिल की है। अक्सा की इस उपलब्धि पर आजाद समाज पार्टी के संभावित उम्मीदवार इकराम हसन बसेड़ी ने उसके घर पहुंचकर फूलों का गुलदस्ता भेंट किया और सम्मानित किया।

इस अवसर पर इकराम हसन ने कहा कि अक्सा अंसारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर न केवल अपने माता-पिता बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और शिक्षा के क्षेत्र में उनकी सफलता समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने अक्सा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलना बेहद जरूरी है।
अक्सा अंसारी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उसने बताया कि वह आगे भी मेहनत जारी रखेगी और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी लगन से पढ़ाई करेगी। छात्रा की इस उपलब्धि पर परिवारजन, रिश्तेदार और ग्रामीणों में खुशी की लहर है तथा सभी ने अक्सा को बधाई दी है।