बहादरपुर फाटक पर दर्दनाक हादसा: ट्रक की चपेट में आई 12

लक्सर। क्षेत्र के बहादरपुर फाटक के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। छात्रा स्कूल से छुट्टी के बाद अपने दादा के साथ घर लौट रही थी, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला। ट्रक की रफ्तार काफी तेज बताई जा रही है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आक्रोश जताते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने प्रशासन से बहादरपुर फाटक क्षेत्र में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात को संभालते हुए ट्रक को कब्जे में ले लिया और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बहादरपुर फाटक के पास आए दिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे होते रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version