लक्सर ।नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर स्थित अली चौक पर रविवार को ब्लॉक कांग्रेस और नगर कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। बढ़ती महंगाई, डीजल-पेट्रोल की कीमतों में वृद्धि और NEET पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का प्रतीकात्मक पुतला फूंका गया तथा जमकर नारेबाजी की गई।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उनका कहना था कि NEET परीक्षा पेपर लीक होने से लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों का भरोसा टूटा है। वहीं लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। डीजल और पेट्रोल के बढ़ते दामों का असर रोजमर्रा की जरूरतों पर पड़ रहा है, जिससे आम आदमी आर्थिक बोझ झेलने को मजबूर है।
कार्यकर्ताओं ने “नरेंद्र मोदी मुर्दाबाद”, “धर्मेंद्र प्रधान मुर्दाबाद” और “युवा विरोधी सरकार हाय-हाय” जैसे नारे लगाते हुए सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सरकार युवाओं को रोजगार देने और शिक्षा व्यवस्था सुधारने में विफल साबित हुई है। उनका आरोप था कि NEET पेपर लीक जैसी घटनाएं शिक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
ब्लॉक कांग्रेस व नगर कांग्रेस के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में नगर अध्यक्ष व सभासद सनव्वर राजा ने कहा कि यदि सरकार ने महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया और परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन जारी रखेगी।
इस मौके पर नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि बाबू ताहिर हसन, गुफरान अंसारी, तौफीक अनवर, राहुल सैनी, फिरोज सिद्दीकी, अफजल असगर, शादाब अली सभासद, आकिल हसन, सनव्वर राजा सभासद सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। अली चौक पर कुछ देर के लिए प्रदर्शन के चलते हलचल का माहौल बना रहा, हालांकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।