लक्सर प्रेस क्लब का ऐलान: तहसील कर्मचारी पर कार्रवाई नहीं

लक्सर। तहसील कर्मचारी द्वारा लक्सर प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रवीण सैनी के साथ कथित अभद्रता के आरोपों को लेकर पत्रकारों में रोष देखने को मिल रहा है। मामले के विरोध में लक्सर प्रेस क्लब में पत्रकारों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें पत्रकारों ने प्रशासन से संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि 29 मई तक कोई कार्रवाई नहीं हुई तो तहसील परिसर में आंदोलन किया जाएगा।


बैठक में पत्रकारों ने इस मामले को प्रेस की गरिमा और सम्मान से जुड़ा विषय बताते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रेस क्लब के संरक्षक एवं वरिष्ठ पत्रकार रजनीश धीमान ने कहा कि यदि पत्रकारों के साथ कथित रूप से इस प्रकार का व्यवहार हो रहा है, तो आम लोगों के साथ कर्मचारियों का व्यवहार कैसा होगा, यह चिंताजनक विषय है। उन्होंने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई की मांग की।


प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रवीण सैनी ने कहा कि पत्रकारों के सम्मान के साथ किसी भी तरह का अनुचित व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई और स्थानांतरण नहीं किया गया, तो पत्रकार आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
प्रेस क्लब महामंत्री जाने आलम ने भी प्रशासन से भ्रष्टाचार और कर्मचारियों के व्यवहार से जुड़े मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। बैठक में मौजूद पत्रकारों ने एकजुटता दिखाते हुए प्रशासन से जल्द कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
हालांकि, इस मामले में प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version