लक्सर। नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मुख्य मार्गों और चौराहों पर फैले अवैध कब्जों को हटाया। उप जिलाधिकारी (एसडीएम) लक्सर अनिल कुमार शुक्ला के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में तहसील प्रशासन, नगर पंचायत और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटवाया।

अभियान के दौरान तहसीलदार दीवान सिंह, सीओ देवेंद्र सिंह नेगी, नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर की अधिशासी अधिकारी प्रियंका ध्यानी, नगर पंचायत कर्मियों तथा भारी पुलिस बल की मौजूदगी रही। टीम के नगर में पहुंचते ही जामा मस्जिद चौक से लेकर अली चौक तक दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदारों ने कार्रवाई से पहले ही स्वयं अपना सामान हटाना शुरू कर दिया।
एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला ने कहा कि नगर क्षेत्र में अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोबारा सड़क, फुटपाथ या सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ जुर्माने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी प्रियंका ध्यानी ने बताया कि अतिक्रमणकारियों को पिछले कई दिनों से लगातार चेतावनी दी जा रही थी और स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया था। इसके बावजूद लोगों द्वारा कब्जे नहीं हटाए गए, जिसके बाद नगर पंचायत और पुलिस प्रशासन की सहायता से अभियान चलाकर कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान दुकानदारों को नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने दुकानों से निकलने वाले कचरे को सड़क पर फेंकने के बजाय कूड़ेदान में डालने की हिदायत दी। साथ ही फुटपाथों पर अधिक अतिक्रमण करने वाले कुछ दुकानदारों के चालान भी किए गए और उन्हें 24 घंटे के भीतर अतिक्रमण पूरी तरह हटाने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो नगर पंचायत और तहसील प्रशासन की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिससे संबंधित लोगों को अधिक आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि इस बार अतिक्रमण करने वालों से पहले की तुलना में अधिक जुर्माना वसूला जाएगा।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के साथ-साथ प्लास्टिक चेकिंग अभियान भी चलाया गया। इस दौरान कुछ दुकानदारों द्वारा प्रतिबंधित प्लास्टिक के गिलासों का उपयोग करते पाए जाने पर उनके खिलाफ जुर्माना लगाया गया। वसूली गई धनराशि नगर पंचायत के कोष में जमा कराई गई।
प्रशासन की इस कार्रवाई से नगर में अतिक्रमणकारियों और नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों में दहशत का माहौल देखा गया। वहीं आम नागरिकों ने सड़क और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने की इस पहल का स्वागत किया।