लक्सर। नगर के बाजार चौकी क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते कुछ युवक वार्ड नंबर-5 स्थित एक घर में घुस गए और फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए, जबकि मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक तमंचा लिए दिखाई दे रहा है। पीड़ित पक्ष ने कोतवाली पहुंचकर आरोपित युवकों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वायरल वीडियो की भी पड़ताल की जा रही है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
