बहादराबाद। हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मीठीबेरी में लंबे समय से प्रतीक्षित आंतरिक सड़क निर्माण कार्यों की शुरुआत हो गई है। विधायक अनुपमा रावत ने रविवार को राज्य योजना के अंतर्गत लगभग 85 लाख रुपये की लागत से बनने वाली आंतरिक सड़कों का ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि गांवों का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। बेहतर सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की रीढ़ होती हैं और इनके निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ-साथ क्षेत्र की तस्वीर भी बदलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

विधायक ने कहा कि मीठीबेरी में बनने वाली नई सड़कों से बरसात के दौरान होने वाली समस्याओं में कमी आएगी तथा ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा। उन्होंने निर्माण एजेंसियों से गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और कार्य को समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए।
ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताते हुए कहा कि लंबे समय से गांव की आंतरिक सड़कों की स्थिति खराब थी। अब सड़कें बनने से लोगों को राहत मिलेगी और गांव के विकास को भी गति मिलेगी।
कार्यक्रम में पूर्व प्रधान टीकाराम सैनी, शैलेन्द्र पाठक, हेमा नेगी, माहेश्वरी, शमशेर भड़ाना, हकीमुल्ला उस्मानी, आदिल, अमरजीत सिंह, खेम सिंह, अनिल, बाबूराम, सलेख चंद सहित अनेक ग्रामीण और कार्यकर्ता मौजूद रहे। समारोह के दौरान विधायक ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया