पथरेश्वर महादेव मंदिर के पास दो साधुओं के शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका,जांच में जुटी पुलिस -

लक्सर। पथरी थाना क्षेत्र स्थित पथरेश्वर महादेव मंदिर परिसर के समीप जंगल में मिट्टी के नीचे दबे दो साधुओं के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।


घटना की सूचना पर पथरी थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में शव जंगल क्षेत्र में मिट्टी के नीचे दबे मिले, जिसके चलते पुलिस हत्या की आशंका को भी गंभीरता से लेकर जांच कर रही है।


मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात शेखर सुयाल भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कहा कि जांच के प्रत्येक पहलू को वैज्ञानिक तरीके से परखा जाए, ताकि घटना का जल्द खुलासा हो सके।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान मंदिर के मुख्य पुजारी सहित कुछ अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में रखी गई है।

हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच की जा रही है।
घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का मानना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही दोनों साधुओं की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

https://devbhumiganga.com/wp-content/uploads/2026/07/1003747948.mp4


एसपी देहात शेखर सुयाल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version