कृषि यंत्र की सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर 10 हजार की रिश्वत लेते सहायक कृषि अधिकारी गिरफ्तार -

लक्सर। कृषि यंत्र खरीदने पर मिलने वाली सरकारी सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर 10 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने खानपुर विकासखंड में तैनात सहायक कृषि अधिकारी को गिरफ्तार किया है। टीम ने मंगलवार को लक्सर स्थित उसके आवास पर ट्रैप की कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत की रकम लेते पकड़ा।


जानकारी के अनुसार खानपुर विकासखंड के कान्हावाली निवासी विकास ने सतर्कता अधिष्ठान में शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया कि उसके भाई ने कृषि यंत्र खरीदने के लिए सरकारी सब्सिडी का लाभ लेने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि संबंधित फाइल को आगे बढ़ाने के एवज में सहायक कृषि अधिकारी ने 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने मामले का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने पर टीम ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना बनाई। मंगलवार को शिकायतकर्ता तय योजना के अनुसार लक्सर की सोसायटी रोड स्थित आरोपी के कमरे पर पहुंचा और उसे रिश्वत की रकम दी। इसी दौरान निगरानी कर रही टीम ने कार्रवाई करते हुए सहायक कृषि अधिकारी को पकड़ लिया।
टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम बरामद करने के साथ ही मामले से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य भी जुटाए। इसके बाद आरोपी से पूछताछ की गई। शाम करीब छह बजे आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद सतर्कता अधिष्ठान की टीम आरोपी को अपने साथ ले गई। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version