ढंडेरा गोलीकांड का खुलासा: पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, दो गिरफ्तार -

रुड़की/लक्सर। ढंडेरा में ठेके कारोबारी अमन की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में एक आरोपी गोली लगने से घायल हुआ, जबकि मौके से फरार हुए उसके दो साथियों को भी पुलिस टीम ने बाद में दबोच लिया। घायल आरोपी का उपचार कराया जा रहा है।


पुलिस के अनुसार, ठेके कारोबारी की हत्या के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर लगातार दबिश दी जा रही थी। 23 अगस्त की रात मुखबिर से सूचना मिली कि बाइक सवार तीन संदिग्ध नगला इमरती की ओर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने उनका पीछा किया।


नगला इमरती के पास पुलिस ने बाइक सवार तीनों आरोपियों को घेरकर पकड़ने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। उसकी पहचान सौरभ पुत्र देशराज निवासी ढंडेरा के रूप में हुई। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में घायल आरोपी सौरभ ने कथित तौर पर अमन की हत्या में अपने साथ दो अन्य लोगों के शामिल होने की बात बताई। मुठभेड़ के दौरान दो आरोपी मौके से फरार हो गए थे, जिनकी तलाश में पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान चलाया। बाद में दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्पित सैनी पुत्र कुलबीर सैनी, निवासी ग्राम ठसका, कोतवाली मंगलौर, उम्र 19 वर्ष और दीप यादव पुत्र जोगिंदर यादव, निवासी मातावाला हसन बाग, कस्बा लंढौरा, कोतवाली मंगलौर, उम्र 19 वर्ष के रूप में की है।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर हत्या की वजह, वारदात में इस्तेमाल हथियार और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version