सुल्तानपुर आदमपुर। भारतरत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत के 139वें जन्मदिवस पर नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। इस दौरान नगर पंचायत के कर्मचारियों ने पंडित पंत के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए।
कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी प्रियंका ध्यानी ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका के साथ ही उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री और स्वतंत्र भारत के द्वितीय गृहमंत्री के रूप में किए गए महत्वपूर्ण कार्यों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि पंडित पंत का जीवन देशसेवा, राष्ट्रनिर्माण और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। उनके जीवन मूल्यों और आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र के विकास में योगदान देना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस मौके पर नगर पंचायत के कर्मचारी मौजूद रहे।
