गुर्जर बस्ती में पूर्व सीएम हरीश रावत का जोरदार स्वागत, बोले- जनता कांग्रेस के पक्ष में लेगी निर्णय -

पथरी। वन विस्थापित गुर्जर बस्ती में यूथ कांग्रेस हरिद्वार ग्रामीण की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के स्वागत में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और फूलमालाओं से पूर्व मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम का आयोजन यूथ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सत्तार कसाना के नेतृत्व में किया गया, जबकि संचालन मुस्तफा अंसारी ने किया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी, बिजली और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनता विभिन्न समस्याओं से प्रभावित है और आने वाले समय में जनता कांग्रेस के पक्ष में निर्णय लेगी। उन्होंने युवाओं को लेकर कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर क्षेत्र में युवाओं के लिए स्टेडियम बनाने का प्रयास किया जाएगा।
हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि कांग्रेस भाईचारे और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि वन अधिकार से वंचित लोगों को उनका अधिकार दिलाने के लिए प्रयास जारी रहेंगे। साथ ही क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने की बात कही।


कार्यक्रम के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और क्षेत्र के युवाओं को पार्टी से जोड़ने को लेकर भी चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि स्थानीय लोगों की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाई जाएगी।
इस दौरान मुशर्रफ अंसारी, आदिल गुर्जर, राजबीर चौहान, राव अफाक, शमशेर बढ़ाना, महावीर रावत, गुरजीत सिंह लहरी, हाजी डॉ. नूर अली, जुलकर अंसारी, यामीन कसाना, सत्तार कसाना समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version