हरिद्वार। देवभूमि एमेच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन की ओर से जयप्रकाश नारायण ट्रॉफी-2026 के लिए उत्तराखंड सीनियर पुरुष बॉक्सिंग टीम के चयन हेतु ट्रायल आयोजित किया जाएगा। चयन ट्रायल 30 सितंबर को आनंद स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर, रुड़की के गेट नंबर एक पर होगा। खिलाड़ियों की रिपोर्टिंग सुबह 10 बजे रखी गई है।
एसोसिएशन के सचिव अनुज कुमार ने बताया कि ट्रायल में चयनित खिलाड़ी प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। चयनित खिलाड़ियों को आगे तुर्की में आयोजित होने वाले आईबीए प्रेसिडेंट कप की चयन प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र टिकोला ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने वाली टीम के खिलाड़ियों के आवश्यक यात्रा और प्रतियोगिता संबंधी खर्च का वहन एसोसिएशन द्वारा किया जाएगा। इससे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आर्थिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
कोषाध्यक्ष विशाल तोमर ने बताया कि 25 नवंबर से 5 दिसंबर 2026 तक प्रस्तावित आईबीए प्रेसिडेंट कप में कुल 30 लाख अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि रखे जाने की जानकारी है। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया का उद्देश्य उत्तराखंड के प्रतिभाशाली बॉक्सरों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर देना है।
इस दौरान एसोसिएशन की संयुक्त सचिव मृणालिका अत्री भी मौजूद रहीं।
