लक्सर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम के बाद कथित शुद्धिकरण को लेकर कांग्रेसियों ने नाराजगी जताई। मंगलवार को कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता लक्सर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को ज्ञापन सौंपकर मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेसियों ने ज्ञापन में कहा कि छह अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में मल्लिकार्जुन खड़गे ने विशाल जनसभा को संबोधित किया था। उन्होंने कहा कि खड़गे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के साथ राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अनुसार, जनसभा के बाद कुछ लोगों ने रामलीला मैदान में यज्ञ एवं कथित शुद्धिकरण कार्यक्रम आयोजित किया।

कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि इस प्रकार की कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सौहार्द की भावना के विपरीत है। इससे समाज में आपसी भाईचारे और सर्वधर्म समभाव को ठेस पहुंचती है। उन्होंने इसे दलित समाज सहित सर्व समाज के सम्मान के विरुद्ध बताया।
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेसियों ने पुलिस से मामले का संज्ञान लेकर कथित शुद्धिकरण कार्यक्रम में शामिल लोगों की पहचान करने और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द बना रहे।
इस मौके पर संजय सैनी, मनोज वर्मा, लोकेश कुमार, सनूज पवार, सनव्वर राजा, तौफीक अनवर, कमल चौधरी, अशरफ अली, राहुल सैनी, विनोद कुमार, राकेश शर्मा, अरशद अली आदि कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


